निचलौल। थाना क्षेत्र के रौतार गांव में मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे पश्चिम सिवान में गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
रौतार गांव के ग्राम प्रधान पुंडरीक पटेल ने बताया कि गांव के सिवान में दोपहर करीब तीन बजे तेज धूप और हवा के बीच गेहूं की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर बाद आग भयावह लपटों के साथ धू-धूकर जलने लगा। सिवान में तेज लपटें और धुआं देख ग्रामीण चीखते पुकारते खेत की ओर दौड़ पड़े। जहां सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पंपिंगसेट की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह से काबू तो पा लिया। किसान कौलस गुप्ता, दिनेश पटेल, राम निवास यादव, फूलचंद मौर्या और ओम नारायण की फसल जलकर राख हो गई। एसडीएम मुकेश कुमार सिंह ने कहा की मौके पर राजस्व विभाग की टीम को भेजी गई है। नुकसान का सर्वे कर पीड़ित किसानों को लाभ दिलाया जाएगा। संवाद