चिलुआताल। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा चौराहे से एक किशोरी को जबरन नेपाल ले जाने का प्रयास पुलिस ने विफल कर दिया। डायल- 112 पर मिली सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार, कुशीनगर जिले के तमकुहीराज निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र अब्दुल लतीफ की मोबाइल फोन के जरिये महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि सद्दाम ने किशोरी को बरगदवा चौराहे पर बुलाया, जहां अपने साथियों सबरे आलम और फिरोज खान के साथ उसे चारपहिया वाहन में बैठाकर जबरन नेपाल ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान मौका पाकर किशोरी ने 112 पर सूचना देकर मदद मांगी।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।