बांसी। स्थानीय कस्बे के राप्ती नगर वार्ड में धानी रोड स्थित एक मकान और दुकान में शुक्रवार रात चोर घर में घुसकर बाइक, मोबाइल फोन और नकदी सहित कीमती सामान उठा ले गए। पीड़ित हरीलाल की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर धानी रोड निवासी हरी लाल ने कोतवाली बांसी में दी गई तहरीर में बताया है कि शुक्रवार की रात लगभग 12 बजे वह सो गए थे। सुबह करीब 7 बजे जब उनकी नींद खुली तो घर और दुकान के दरवाजे खुले मिले। बाहर निकलकर देखने पर चोरी की वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार चोर उनके घर व दुकान से बाइक, मोबाइल फोन और लगभग आठ हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना एसआई स्वामीनाथ भास्कर को सौंपी गई है।