निचलौल। शहर के कृष्णा नगर वार्ड में शनिवार रात को चोरों ने एक घर की दरवाजे का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात उठा ले गए। इतना ही चोरों ने घर को खंगालने के साथ ही शौच करके गंदगी भी फैला दी। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का जायजा लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है। जबकि, घटना से आस पास के लोगों में कई घंटों तक हड़कंप मचा रहा।
आजाद नगर वार्ड निवासी पवन मद्धेशिया ने बताया कि उनका मकान कृष्णा नगर वार्ड में भी है, जहां पर वह लोग परिवार के साथ रहते है। शनिवार को आजाद नगर वार्ड स्थित मकान पर पूजा का आयोजन रखा गया था, जिसमें शामिल होने के लिए वह पूरे परिवार के साथ आजाद नगर वार्ड स्थित मकान पर पहुंचे थे। कृष्णा नगर वार्ड स्थित मकान में सुनसान देख दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। घर में रखी नकदी और जेवरात को चोर उठा ले गए। इतना ही नहीं चोरों ने घर के अंदर शौच कर गंदगी भी फैला दी। घटना के बाद से वह काफी डरे और सहमे हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया ने जांच-पड़ताल करने की पुष्टि की।