निचलौल। थाना क्षेत्र के निचलौल-सिसवा मार्ग स्थित लालपुर गांव के पास रविवार शाम करीब चार बजे अनियंत्रित बस की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने घायल किशोरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मची रही।
जानकारी के मुताबिक, बबलू राजभर (28) निवासी जमुनी बरवा थाना रामकोला जिला कुशीनगर कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के राजाबरी आए थे। यहां से बबलू साढ़ू की बेटी खुशी राजभर (13) निवासी राजाबारी और निशा राजभर (17) निवासी बदरी घाट थाना बेलाटाड़ी नेपाल को बाइक से लेकर घर वापस लौट रहे थे। अभी वह निचलौल सिसवा मार्ग पर लालपुर गांव के पास पहुंचे थे। इसी बीच उनकी बाइक तेज रफ्तार में आ रही बस की चपेट में आ गई। इस दौरान बाइक सवार बबलू राजभर, खुशी राजभर और निशा राजभर घायल हो गए। वहीं हादसे के कुछ देर बाद खुशी राजभर की मौत हो गई। जबकि, निशा और बबलू की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची थी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। जबकि, मृत किशोरी के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।