महराजगंज। नगर पंचायत निचलौल के महाशय वार्ड स्थित छठ घाट का 39 लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया जा रहा है। आदर्श जलाशय योजना के तहत होने वाले इस कार्य से घाट की सूरत बदलने के साथ ही यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा। साथ ही घाट का सौंदर्य भी बढ़ेगा। घाट को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा। यहां आधुनिक लाइट लगाई जाएंगी, जिससे शाम और रात के समय पूरा परिसर रोशनी से जगमगाएगा। इससे पर्व के दौरान घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
इसके अलावा घाट पर लोगों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर को बेहतर स्वरूप देने की योजना है। सुंदरीकरण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को धार्मिक आयोजनों के साथ ही अन्य अवसरों पर भी इस स्थल का लाभ मिल सकेगा। नगर पंचायत की इस पहल से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ सार्वजनिक स्थल का विकास भी होगा।
जनवरी तक पूरा होगा निर्माण कार्य
नगर पंचायत निचलौल के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि छठ घाट के सुंदरीकरण के लिए 39 लाख रुपये की लागत से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। जनवरी माह तक सुंदरीकरण का काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।