15 जुलाई तक चलेगा स्कूल चलो अभियान
अधिक से अधिक नामांकन कराना उद्देश्य
महराजगंज। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बृहस्पतिवार को परिषदीय स्कूल गए। पहले दिन स्कूल में गृहकार्य जांचने के साथ खेलकूद की गतिविधियां कराई गईं। बच्चों के स्कूल पहुंचते ही विद्यालय गुलजार हो गए।
बीएसए ने जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार से सभी परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू हो चुका है। पहली जुलाई से ही परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान भी शुरू किया जाएगा। 15 जुलाई तक शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करेंगे। इसके लिए सभी बीईओ को पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही साथ एक जुलाई से स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। पहला चरण अप्रैल 2026 में चलाया जा चुका है।
जुलाई से प्रत्येक माह सभी नामांकित बच्चों की उपस्थिति तय करने के लिए विशेष तौर पर अर्ली वार्निंग सिस्टम लागू किया गया है। डीसी सामुदायिक सहभागिता दिव्य पांडेय ने बताया कि अर्ली वार्निंग सिस्टम लागू करने के लिए प्रत्येक स्कूल को विद्यालय शिक्षक व अभिभावकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने को कहा गया है जिसमें अभिभावक भी शामिल होंगे। एक जुलाई से अगर विद्यार्थी लगातार तीन दिन अनुपस्थित होता है तो स्कूल से अभिभावक के लिए मैसेज भेजा जाएगा और बच्चा स्कूल क्यों नहीं आ रहा इसके बारे में पूछकर रजिस्टर पर नोट दर्ज किया जाएगा। ड्रॉप आउट संख्या घटाने व 75 फीसदी उपस्थिति बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था प्रभावी की जा रही है।
वर्जन
सभी बीईओ को निर्देश पत्र जारी किए गए हैं कि 15 जुलाई तक रैली निकालकर अभिभावकों को प्रवेश कराने के लिए जागरूक करें। प्रथम चरण से अधिक नामांकन दूसरे चरण में होना चाहिए इसके लिए सभी स्कूल अध्यापकों को अभियान की सफलता में लगाया जाए।
- सुरजीत सिंह, बीएसए, महराजगंज