महराजगंज। घुघली पुलिस ने बसंतपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार एंड्रॉयड मोबाइल, चार मोबाइल मदरबोर्ड और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर बाजार स्थित एक मोबाइल के दुकान से अज्ञात चोर चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार मोबाइल मदरबोर्ड चोरी कर ले गए थे। इस मामले में थाना घुघली पर प्राथमिकी दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय वर्मा (26) निवासी सिद्धार्थनगर, हाल पता सिसवा बाजार, रेजानूर अली (23) निवासी मुर्शीदाबाद, पश्चिम बंगाल, हाल पता सिसवा बाजार और विवेक वर्मा (25) निवासी सिसवा बाजार महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन , चार मोबाइल मदरबोर्ड के अलावा घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद किया है।
घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन और बाइक बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है।