जेल में बंद महिला ने की मुंह में घाव की शिकायत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जनपद न्यायाधीश हसनैन कुरैशी के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने शनिवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक एके सिंह ने बताया कि जेल में कुल 902 बंदी निरुद्ध हैं जिसमें 92 महिलाएं और 31 अल्पसंख्यक बंदी शामिल हैं। बंदियों ने बताया कि सुबह के नाश्ते में गुड़, चाय और दलिया मिला है। दोपहर के भोजन में रोटी, चावल, दाल सब्जी और साग तैयार किया जा रहा है। उन्होंने ने मौके पर देखा कि कुछ रोटियां तवे पर फूल नहीं रही हैं। उन्होंने जिला जेलर को निर्देशित किया कि रोटी को सही तरीके से बनवाना सुनिश्चित करें। वहीं शाम के भोजन में रोटी, चावल, दाल, साग और सब्जी मिलने की बात बताई गई।
निरीक्षण के दौरान विचाराधीन महिला बंदी ने बताया कि मुंह में घाव हो गया है। खाने में काफी तकलीफ हो रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने उचित इलाज के लिए जिला जेलर को निर्देशित किया। इस दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक जानकारी दी गई। उन्होंने बंदियों को बताया कि जो बंदी अपने मुकदमे के पैरवी के लिए प्राइवेट अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं है, उनको जिला प्राधिकरण नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराएगा। इसके लिए जेल अधीक्षक के माध्यम से प्रार्थना पत्र जिला प्राधिकरण को भेजना होगा। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि जो बंदी नि:शुल्क अधिवक्ता के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करता है, उसे अविलम्ब जिला प्राधिकरण को भेजना सुनिश्चित करें। ताकि असमर्थ बंदियों को अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक एके सिंह भी मौजूद थे।