ठूठीबारी। लक्ष्मीपुर खुर्द में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को कोहड़वल और मऊ के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कोहड़वल की टीम ने 22-17 अंकों से मऊ को हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में कोहड़वल ने नवलपरासी (नेपाल) को 24-22 अंकों से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में मऊ की टीम ने सुस्ता (नेपाल) को 20-8 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में कोहड़वल और मऊ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आखिरकार कोहड़वल की टीम ने जीत हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता टीम को 25 हजार रुपये, उपविजेता को 12 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली नवलपरासी (नेपाल) की टीम को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार व पदक देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि गौरीशंकर गुप्ता ने कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। खिलाड़ियों को आपसी द्वेष से दूर रहकर अपनी टीम के साथ बेहतर तालमेल बनाना चाहिए। इस दौरान इश मोहम्मद, भोला, अयूब अंसारी, मेराज, रमजान, इलियास, मजहर, आरिफ अली, ईश्वर मोदनवाल, अनिल यादव, धीरज यादव और दुखहरन जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।