गौर/बभनान (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरदहा शुक्ल गांव में शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश तीन बदमाशों ने चाकू के बल पर एक महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश महिला से उसके पहने जेवरात उतरवाने के बाद घर में रखे बक्से को खंगालकर सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। गांव निवासी मुस्तफा थाने का चौकीदार है। उसकी पत्नी रेहाना शनिवार को घर में अकेली थी। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे और घर के अंदर घुस गए। उन्होंने महिला को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया, फिर उसका सोने का टीका, नथिया, झाला, छपका, पाजेब और पायल उतरवा लिए।
इसके बाद महिला के मुंह पर दुपट्टा बांधकर उसे बंधक बना दिया और घर के अंदर रखे बक्से को खोलकर पूरा सामान बिखेर दिया।बदमाश बक्से में रखे 20 हजार रुपये और अन्य कीमती सामान लूट ले गए और बाइक से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने किसी तरह बंधन से खुद को छुड़ाया और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद 112 नंबर व गौर थाने की पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव व सीओ हर्रैया संजय सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम फिंगर प्रिंट, पैरों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। संवाद