खेलते से समय बालिका के ऊपर गिरी दीवार, एक की मौत
हसीना प्राथमिक विद्यालय सेमराडाड़ी में कक्षा दो में पढ़ती थी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। क्षेत्र के कम्हरिया खुर्द में रविवार की सुबह करीब 10 बजे घर के पास के जर्जर मकान की दीवार गिरने से वहां खेल रही एक बालिका की मौत हो गई। वहीं, साथ की एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसको इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के कम्हरिया खुर्द गांव में जर्जर मकान के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। उसी दौरान अचानक दीवार बच्चों के ऊपर गिर गई, जिसमें गुलजार की 12 वर्षीय बालिका हसीना खातून एवं महबूब का 10 वर्षीय बालिका आलिया दब गई। गांव वालों के सहयोग से दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन तत्काल दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने हसीना को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, आलिया की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हसीना प्राथमिक विद्यालय सेमराडाड़ी में कक्षा दो में पढ़ती थी।
प्रधानाध्यापक सुशील कुमार शाही ने बताया कि हसीना पढ़ाई में काफी मेधावी थी। उसकी मौत से सभी छात्र स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हैं। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई। वहीं, राजस्व टीम भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई है।