निचलौल। सोहगीबरवा छठ घाट के पास बनी तीन पुलियों के आसपास बाढ़ के पानी से मिट्टी बह जाने के कारण रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। छठ पर्व नजदीक आने के बावजूद मरम्मत नहीं होने से नाराज सोहगीरवां, भोथहा और शिकारपुर के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलियों के पास प्रदर्शन कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन से छठ पूजा से पहले रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलियों के आसपास मिट्टी भराई और रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। छठ पूजा के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से क्षतिग्रस्त रास्ते पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ऐसे में समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से छठ पर्व से पहले पुलियों के आसपास मिट्टी भराई कराकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाने की मांग की। प्रदर्शन में भोला, सिंहासन, सतदेव, सुमन, राजमती, सरिता, शोभा, सोनकेशा, सावित्री और ललिता सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सड़क की समस्या के समाधान के लिए टीम गठित कर ली गई है। निर्धारित समय में संबंधित मार्ग पर मरम्मत कार्य कराया जाएगा।