महराजगंज। सड़क पर बच्चे को जन्म देने की घटना के मामले में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे इस प्रकरण के मामले में सीएओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने श्रीकांत शुक्ला ने मामले की जांच के लिए एसीएमओ डॉ नवनाथ प्रसाद और डिप्टी सीएमओ डॉ नीरज कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित किया और टीम को निष्पक्ष जांच करने के लिए निर्देश दिया। बृहस्पतिवार को जांच टीम में नामित सदस्यों ने श्यामदेउरवा पहुंची।
एसीएमओ नवनाथ प्रसाद और डिप्टी सीएमओ नीरज कुमार कन्नौजिया ने उक्त स्थल का निरीक्षण किया,जहां महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दिया था।
जांच टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद जांच टीम पीएचसी श्यामदेउरवा पहुंची। जहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ से सवाल-जवाब किए और रजिस्टरों की जांच की। डिलीवरी के बाद प्रसूता को पीएचसी श्यामदेउरवां ले जाने वाले ऑटो चालक का बयान दर्ज करने की कोशिश की गई लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं मिला।