महराजगंज। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल शुरू कर दिया है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जिले के 166 पुलिसकर्मियों का कार्यक्षेत्र बदला है। इनमें 88 उपनिरीक्षक और 78 आरक्षी शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों और स्थानांतरण संबंधी मानकों के अनुरूप की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुटा है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही पुलिस बल की उपलब्धता और तैनाती को व्यवस्थित किया जा रहा है।