महराजगंज। विवेचना में लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने सिंदुरिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सिंदुरिया थाने में दर्ज प्राथमिकी की विवेचना उप निरीक्षक सत्य प्रकाश त्रिपाठी कर रहे थे। विवेचना के दौरान 90 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्होंने आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी नहीं की। इसके साथ ही मुकदमे का निस्तारण भी लंबित रखा गया। मामले में विवेचक की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्राधिकारी सदर ने रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी थी।
रिपोर्ट में विवेचना के दौरान गंभीर लापरवाही और शिथिलता सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने इसे कर्तव्यों के प्रति उदासीनता मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सख्त संदेश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि विवेचनाओं और अन्य पुलिस कार्यों में लापरवाही बरतने तथा जिम्मेदारियों के निर्वहन में शिथिलता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।