नौतनवा। रामपुर में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर देने के विरोध में बृहस्पतिवार को नौतनवा तहसील के अधिवक्ताओं में भी जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में समस्त अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई।
संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ दिनोंदिन हादसे बढ़ते ही जा रहे हैं। आए दिन कहीं न कहीं किसी न किसी अधिवक्ता के साथ घटना घटित की जा रही है। इन घटनाओं से भी सरकार सबक नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना अब समय की मांग है, ताकि अन्य अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान सचिव दयानंद यादव, विभूति प्रसाद यादव, योगेंद्र श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, नागेंद्र शुक्ला, अजय यादव, शेख शमसुद्दीन, लखन श्रीवास्तव, विजय कपीश मौजूद रहे।