भारत नेपाल बॉर्डर के समीप मरचहवां का मामला
1.14 लाख रुपये की दो बार निकासी कर 2.29 लाख निकालने का आरोप
ठूठीबारी। नेपाल बॉर्डर के समीप मरचहवां में बने मैत्री हाट बाजार सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में बीडीओ के स्तर से एक ही बाउचर से डबल भुगतान का मामला सामने आया है। दो बार निकासी कर 2.29 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। उपनिदेशक पंचायती राज ने जांच के निर्देश दिए हैं।
निचलौल ब्लॉक के ठूठीबारी ग्राम सभा के टोला मरचहवां में मैत्री हाट बाजार परिसर में 1.14 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय का निर्माण क्षेत्र पंचायत द्वारा कराया गया है। इस निर्माण कार्य में एक ही वाउचर से दो बार निचलौल खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से भुगतान किया गया है । क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य के लिए 'बाबा बिक्स फील्ड' नामक फर्म को भुगतान किया गया था। आरोप है कि 18 अप्रैल 2025 को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर एक ही वाउचर को दो बार अपलोड किया गया। वाउचर संख्या STHSFC/ 2025-26/P/7 और STHSFC/ 2025-26/P/8 के जरिए 1,14,904 रुपए की राशि दो बार जारी की गई। जिससे कुल 2,29,808 रुपए का भुगतान हुआ है।
मामला सामने आने के बाद शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची तो उत्तर प्रदेश के उपनिदेशक पंचायती राज ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। इसके बाद महराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने एक जांच समिति का गठन कर गठित जांच समिति में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और सिंचाई खंड द्वितीय के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार शामिल हैं। टीम को निर्देश दिया गया है कि वे शिकायतकर्ता की उपस्थिति में मौके पर जाकर और दस्तावेजों की जांच करें। उन्हें एक सप्ताह के भीतर संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। ग्राम प्रधान अजय कुमार ने बताया कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण क्षेत्र पंचायत से बना हुआ है। एक ही वाउचर से दो बार भुगतान का यह मामला संज्ञान में आया है।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह से मोबाइल फोन पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।