नौतनवा। कुशीनगर जनपद के युवक अजय यादव के साथ नौतनवा कस्बा में हुई लूट के मामले में चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। माना जा रहा है कि पुलिस लुटेरों का पता लगा चुकी, लेकिन लुटेरे पुलिस की गिरफ्त से अभी भी दूर हैं।
नौतनवा कस्बा स्थित एक्सिस बैंक शाखा के पास गत मंगलवार को सुबह सात बजे के लगभग कुशीनगर जनपद के अजय यादव के साथ अज्ञात लोगों ने क्राइम ब्रांच बताकर कार में जबरिया बैठाकर दिन दहाड़े पांच लाख लूट लिए थे। हालांकि लूट 35 लाख की बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित अजय यादव की तहरीर पर पांच लाख रुपये की लूट बताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुटी है।
चार दिन बीत गए लेकिन अभी तक लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लगे। सूत्रों की मानें तो लुटेरे मुख्य मार्ग से न जाकर ग्रामीण क्षेत्र के मार्ग से होकर कोल्हुई के पास रुपए लूटने के बाद अजय यादव को कार से उतार कर वहां से लौटकर नौतनवा थाना क्षेत्र से होकर सोनौली के रास्ते नेपाल चले गए। माना जा रहा है कि सोनौली में सीसी टीवी कैमरा फुटेज से लुटेरों की पहचान पुलिस कर चुकी है लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं कर पाई।
सूत्रों की मानें तो पुलिस लुटेरों के ठिकाने तक जा चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस को कामयाबी हासिल हो सकती है। खुलासा करने में लगी पुलिस की पांच टीमें लगातार जगह जगह सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगालने और उसके अनुसार छापेमारी कर रही हैं। चार दिन बीत गए लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। क्षेत्राधिकारी नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। जल्द खुलासा हो जाएगा।