सोनौली। नेपाल के पृथ्वी हाईवे पर मुगलिंग-काठमांडू मार्ग यातायात बहाल होने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार सुबह फिर आवागमन ठप हो गया। धादिंग जिले के गलौड़ी क्षेत्र में त्रिशूली नदी की कटान से सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इससे हाईवे पर बड़ी संख्या में यात्री फंस गए हैं।
यातायात बंद होने से नवरात्र व दशहरा पर्व पर घर लौट रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, सड़क की मरम्मत के लिए सोमवार रात 11 बजे से मंगलवार सुबह पांच बजे तक भी यातायात बंद रखने की सूचना जारी की गई है।
धादिंग की प्रमुख जिला अधिकारी लक्ष्मी पांडे गौतम के अनुसार, गजुरी ग्रामीण नगरपालिका-5 के गलौड़ी क्षेत्र में त्रिशूली नदी की कटान से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। इससे पहले भी सड़क धंसने के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था। मरम्मत और वैकल्पिक ट्रैक तैयार करने के बाद रविवार को मार्ग खोला गया था, लेकिन सोमवार सुबह दोबारा कटान होने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। लगातार मार्ग बाधित होने से हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई है।
आवागमन से हजारों यात्री प्रभावित
नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष पुण्य प्रसाद सरोज सितौला ने बताया कि दशहरा पर्व को लेकर हजारों यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखे हैं। ऐसे समय में पृथ्वी हाईवे बार-बार बंद होने से यात्रियों के साथ परिवहन कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। काठमांडू के लिए नया बस पार्क का संचालन करने वाली लोत्से मल्टीपर्पस प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक पंकज मल्ला के अनुसार, नया बस पार्क से 27,251 यात्री दशहरा मनाने के लिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए हैं। पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच पृथ्वी हाईवे पर लगातार आ रही बाधाओं से परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।