महराजगंज। वन क्षेत्र को शहर को जोड़ने वाली 12 किमी सड़क बदहाल हो चुकी है। मार्ग पर कई जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। महराजगंज शहर से चौक बाजार की दूरी 12 किमी है। यह सड़क बदहाल हो चुकी है। इस सड़क की मरम्मत के प्रति विभाग उदासीन रवैया अपनाए हुए है। इस मार्ग पर सबसे ज्यादा खराब स्थिति सोनरा गांव के पास है। यहां सड़क ज्यादा खराब है।
महराजगंज शहर के सोनपति देवी महिला महाविद्यालय से होकर चौक बाजार को जाने वाली सड़क पर जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। इस सड़क से बरसात में लोगों को आवागमन में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग के आसपास के 80 से अधिक गांवों के लोगों का हर रोज जिला मुख्यालय जरूरी कार्यों से आवागमन होता रहता है। वैसे भी जबसे निचलौल-महराजगंज मुख्य मार्ग बन रहा है, तब से चौक रोड बाईपास का काम कर रहा है। इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक लोड की वजह से यह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई गई है। केवलापुर, गौनरिया राजा, बरगदही बसंतनाथ, दहरटा, लालपुर, सुंदरपुर, सोनाड़ी, धरमपुर, टेंगरहना, करौता, ओबरी, खोस्टा, सोनरा, बैजनाथपुर, झनझनपुर, अरनहवां, परसा राजा, बरवां राजा, नदुआं, बागापार, कसमरिया समेत अन्य गांवों के लोगों के लिए जिला मुख्यालय आने का यही मुख्य मार्ग है। केवलापुर गांव के रहने वाले जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि करीब एक साल पहले ही यह सड़क बनी थी। बेहतर ढंग से नहीं बनाए जाने के कारण जल्दी ही यह सड़क जगह जगह टूट गई। सोनरा में तो सड़क ज्यादा खराब है। महत्वपूर्ण बात यह है कि चौक बाजार मुख्यमंत्री की छावनी भी है। गौनरियाराजा गांव के मनीष पांडेय ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से आने जाने में परेशानी होती है। गबडुआ गांव के पास सड़क टूटी हुई है। दरहटा के पास भी सड़क टूटी हुई है। बारिश के दौरान तो इस सड़क से आवागमन जोखिम भरा रहता है। कई बार तो दुर्घटना होते होते बच गई।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि सड़क बनवाई गई थी। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़क को गड्ढामुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।