महराजगंज। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जाएगा। मुख्य सचिव के निर्देश पत्र पर एआरटीओ कार्यालय ने 15 दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर दी है। इस बार सभी विभागों को अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 16 को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन रवाना किए जाएंगे। ये वाहन पूरे जिले में घूम-घूम कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। बताया कि इस बार सरकारी कार्यालयों में सख्ती बरती जाएगी। बिना हेलमेट के कार्यालय आने वाले कर्मचारियों को नो एंट्री दी जाएगी और उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों को डीएम ने निर्देश दिया गया है कि वे अपने कर्मचारियों को हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने के लिए प्रेरित करें।
स्टंट और रीलबाजों पर शिकंजा
वाहन पर स्टंट ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल पर रील बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे युवकों के वाहन सीज किए जाएंगे और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना रिफ्लेक्टिव टेप वाले वाहनों की विशेष चेकिंग होगी।
बोले अधिकारी
जागरूकता पखवाड़े में स्कूली वाहनों की फिटनेस व अन्य मानकों की जांच एआरटीओ स्तर से बनने वाली टीम करेगी। स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।
अनमोल कुमार यादव, नोडल परिवहन माध्यमिक शिक्षा।
बोले अधिकारी
ओवरलोड स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी। मानक से अधिक बच्चे मिलने पर जुर्माना लगाया जाएगा। सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य है। बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। अभिभावक भी वाहन की स्थिति जरूर देखें।
- मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ