निचलौल। विकास खंड निचलौल के ग्राम रायपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में गिरा विशालकाय सागौन का पेड़ रविवार रात अज्ञात चोर काटकर उठा ले गए। चोरों ने विद्यालय के मुख्य गेट का ताला भी तोड़ दिया। सोमवार सुबह शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो पेड़ गायब मिला और गेट का ताला टूटा हुआ था।
बारिश के दौरान पेड़ विद्यालय परिसर में गिर गया था। प्रधानाध्यापक कुंवर मुकेश प्रताप सिंह ने इसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी थी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पेड़ हटाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच चोरों ने रात में विद्यालय परिसर में घुसकर पेड़ को काटा और उसका पूरा हिस्सा ले गए।
घटना की जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षा अधिकारी पिंगला प्रसाद राणा को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि पेड़ गिरने की सूचना पहले ही मिल चुकी थी और उसे हटाने की प्रक्रिया चल रही थी। घटना की जानकारी वन विभाग और पुलिस को दे दी गई है।
निचलौल रेंजर सुनील कुमार राव ने बताया कि बीट प्रभारी को जांच के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।