महराजगंज। परतावल ब्लॉक के धनहा नायक गांव में मनरेगा में एमएमएस पोर्टल पर दूसरे ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिव ऋषिकेश पटेल द्वारा हाजिरी लगाई जा रही है।
परतावल ब्लॉक के धनहा नायक गांव में परशुराम के घर से नर्वदा के घर तक दीवार जोड़ने व सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए मनरेगा के एमएमएस पोर्टल पर पनियरा के ग्राम पंचायत सचिव की ऑनलाइन हाजिरी लगाई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि धनहा नायक में रोजगार सेवक नहीं होने पर ग्राम पंचायत सचिव द्वारा ऑनलाइन हाजिरी लगाई जा रही थी।
पनियरा में तैनात ग्राम पंचायत सचिव ऋषिकेश पटेल ने बताया कि मैं 23 फरवरी को परतावल से पनियरा ब्लॉक आ गया हूं। मैंने जिम्मेदारों से मनरेगा के एमएमएस पोर्टल पर आईडी आईडी बंद कराने को बोल दिया था। अगर मेरी आईडी से हाजिरी लगाई जा रही है तो मैं उसकी शिकायत कर हटवा लूंगा।
बीडीओ श्वेता मिश्रा ने बताया कि इस समय धनहा नायक गांव की पंचायत सचिव प्रियंका दुबे हो गई हैं। पिछले महीने 23 फरवरी को पंचायत सचिव ऋषिकेश पटेल का तबादला हो गया है। कैसे उनका नाम दिखा रहा है इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद