महराजगंज। महराजगंज डिपो से काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है। सुबह रोडवेज की बसों से जनपद वासी दर्शन पूजन कर देर रात तक वापसी भी कर रहे हैं।
पहले सीमित बसों का संचालन होने से लोगों को असुविधा होती थी। सहूलियत बढ़ी तो श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ रही है। शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिजनों के साथ यात्रा कर रहे हैं।
महराजगंज डिपो से प्रयाग रूट पर पहले सिर्फ दो रोडवेज की बसों का संचालन सुबह और शाम को किया जाता था। महाकुंभ के बाद इस रूट पर बसों की संख्या डिपो ने बढ़ाई है। अब हर दिन 5 बसें संचालित की जा रही हैं। तीन बसें वाराणसी तक आती जाती हैं। सुबह सात बजे डिपो से जाने वाली बस दोपहर तक वाराणसी पहुंचाती है। इनकी वापसी भी शाम तीन बजे के बाद वाराणसी से होती है। सुबह 8 बजे जाने वाली बस प्रयाग तक जाती है। 11 बजे और दोपहर 2 बजे वाराणसी बसें जाती हैं। तीन बजे से रात 9 बजे तक वाराणसी से महराजगंज की बस मिलती है।