गडकरी के दौरे के मद्देनजर अफसर सक्रिय
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर विभागीय अधिकारियों की सक्रियता एकबारगी बढ़ गई है। विभाग के अधिकारी अपनी देखरेख में अधूरे पड़े कार्यों को 25 जनवरी से पहले पूरा कराने की कोशिश कर रहे हैं। गडकरी 25 जनवरी को इंदरपुर - कप्तानगंज - महराजगंज (एनएच 730) का लोकार्पण और महराजगंज - फरेंदा (एनएच 730) के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के कार्य के लिए शिलान्यास करेंगे।
वैसे तो महराजगंज जिले में इंदरपुर-परतावल-महराजगंज (एनएच 730) का निर्माण कार्य दो साल से चल रहा है लेकिन सड़क निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। इस मार्ग पर कई जगह काम अभी चल रहा है। एनएच 730 के इंदरपुर - महराजगंज मार्ग के बीच में करीब 30 किमी सड़क अभी पूरी तरह से नहीं बन पाई है। कहीं सड़क निर्माण का काम अधूरा है तो कहीं पटरी का काम बाकी है। सड़क बनाने का कार्य अभी चल ही रहा है कि इसी बीच 25 जनवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के आने का कार्यक्रम बन गया है। उधर, काम अधूरा होने तथा मंत्री के दौरे का कार्यक्रम आने से विभाग के अधिकारियों में बेचैनी बढ़ गई है। अधिकारी अब यह कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह से 25 जनवरी से पहले जिस मार्ग का लोकार्पण होना है, उसका काम पूरा हो जाए। ताकि नाराजगी का शिकार न होना पड़े। हालांकि अब भी भिटौली व शिकारपुर के बीच मार्ग पर कुछ हिस्से में न तो पिच हुआ है और न ही पटरी का काम पूरा हो पाया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम के बारे में फरेंदा विधायक बजरंग बहादुर सिंह का कहना है कि गडकरी 25 जनवरी को इंदरपुर-महराजगंज के बीच एनएच 730 का लोकार्पण करने के साथ ही महराजगंज- फरेंदा के बीच एनएच 730 के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।