बरगदवां थाना गेट के सामने मृतक के परिजनों ने नौतनवां- ठूठीबारी मार्ग किया जाम।
बुधवार की दोपहर बरगदवा गांव के पोखरे में मिला था महेंद्र का शव
ठूठीबारी। बरगदवा गांव निवासी महेंद्र का शव बृहस्पतिवार की शाम जैसे ही पोस्टमार्टम हाउस से घर पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगा बरगदवा थाना गेट के सामने हंगामा करते हुए टैंपो में शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
बुधवार की दोपहर बरगदवा थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव निवासी महेंद्र (30) का शव गांव के पोखरे में मिला था। मृतक की भाभी गुड़िया ने बताया कि मामले में पुलिस को गांव के कुछ लोगों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगा नामजद तहरीर दिया था। आरोप है की विपक्षियों से मिलीभगत के कारण पुलिस ने तहरीर लेने से मना कर थाने से भगा दिया था।
इससे नाराज परिजन ने बृहस्पतिवार को थाना परिसर के सामने करीब शाम 4:30 बजे से करीब 1 घंटे तक तक सड़क को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर परसामलिक पुलिस भी पहुंच गई दोनों थानों की पुलिस के काफी समझाने-बुझाने पर जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए सड़क को खाली कराया।
देर शाम को परिजन ने महाव नाला स्थित स्मशान घाट पर ले जाकर शव का अंतिम दाह संस्कार करा दिया।
इस संबंध मे नौतनवां क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया की परिजनों को समझा बुझाकर सड़क को खाली करा दिया गया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।