बागापार। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर टोला अवरहवा निवासी फौजदार के पैर में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली के मामले में वन विभाग ने पल्ला झाड़ लिया है। वहीं पीड़ित परिवार के लोग कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि खेत की रखवाली करने गए फौजदार के पैर में गोली कैसे लगी? दो दिन पहले जो परिवार के लोग वन विभाग पर आरोप लगा रहे थे, वही अब कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर टोला अवरहवा निवासी फौजदार शुक्रवार की रात संदिग्ध हालत में जख्मी हो गए थे। बताया जा रहा है कि वह पकड़ी जंगल के किनारे खेतों की रखवाली करने गए थे। आरोप है कि किसी वनकर्मी की ओर से चलाई गई गोली से उनके पैर में गंभीर चोटें लगी थीं।
वन कर्मी जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डाॅक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। चर्चा है कि मीडिया से बचने के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। वहीं फौजदार के बेटे शेषमन साहनी का कहना है कि पिता का इलाज चल रहा है। संवादो