महराजगंज/लक्ष्मीपुर। कोल्हुई और नौतनवा क्षेत्र के कई गांवों में बुधवार रात आसमान में ड्रोन जैसे उपकरण दिखने से हड़कंप मच गया था। देर रात तक लोग इसे लेकर चर्चाएं करते हुए तरह-तरह की आशंकाएं जताते रहे। आसमान में दिखी चमक किस चीज की थी यह तो साफ नहीं हो सका लेकिन बृहस्पतिवार को भी लोग इसे लेकर कौतूहल और आशंकाएं जाहिर करते रहे।
जानकारी के अनुसार बरगदवा अयोध्या, मुडली, राजपुर खुर्द, करैलिया, सिसवा तौफिर, सम्पतिहा, जमुहनिया, अमवा, मोगलहा और पडरहवा, जंगल गुलहरिया, महेशपुर महेदिया आदि दर्जनों गांवों में लोगों ने बुधवार की रात आसमान में चमकते उपकरणों को देखा था। नौतनवा इलाके के अमवा निवासी विवेक ने कहा कि इस रहस्य से पर्दा उठना जरूरी है। यदि यह कोई वैज्ञानिक या सुरक्षा से जुड़ी गतिविधि है, तो लोगों को जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से डर न फैले। जब तक इस रहस्यमयी उड़ान के पीछे की सच्चाई सामने नहीं आती लोगों में खौफ बना रहेगा।