200 में आकर्षक टीशर्ट तो 150 रुपये में मिल रहे शॉर्ट कुर्ते
ई-कामर्स कंपनियां बेंच रही ब्रेसलेट और रुद्राक्ष माला भी
महराजगंज। 30 जुलाई से भगवान शिव को समर्पित सावन महीने की शुरुआत हो रही है। श्रावण माह में श्रद्धालुओं की जरूरतों के तहत बाजार भी सजकर तैयार हो रहे हैं। शिव मंत्र और ऊं प्रिंट टीशर्ट, कुर्ते व गमछों की दुकानें सज चुकी हैं। रेडीमेड कपड़ा व्यापारियों ने प्रिंटेड कुर्तों की रेंज मंगा ली है जो 150 से 200 रुपये तक बिक रहे हैं।
पर्व व त्योहार को लेकर बाजार के रंग समय-समय पर बदलते रहते हैं। अब तक बारिश के लिहाज से रेनकोट व छतरियों का बाजार सजा था। अब 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन महीने की आमद को लेकर बाजार का रंग बदला है। जनपद मुख्यालय पर स्टाल लगाकर सावन के लिहाज से भगवा टी-शर्ट, कुर्ता इत्यादि बिक्री करने वाले जगदेव गुप्ता ने बताया कि इस बार हल्के रेंज में कुर्ता व टी-शर्ट मंगाया गया है जो 150 रुपये से 200 रुपये की रेंज में उपलब्ध है।
कांवड़ के लिए प्लास्टिक के कमंडल इस बार भगवा रंग के मंगाए गए हैं। इनकी बिक्री 50 से 120 रुपये तक के बीच में हो रही है। भगवा गमछा दो रेंज 50 व 70 रुपये में उपलब्ध है। निचलौल मार्ग पर स्टाल सजाकर सामान बेचने वाले अभिषेक जायसवाल ने बताया कि अभी सिर्फ खरीदारी के लिए वही श्रद्धालु पहुंच रहे जिन्हें बैजनाथ धाम या अमरनाथ की यात्रा सावन में करनी है। आसपास के शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले कांवड़िये 30 के बाद ही खरीदारी शुरू करेंगे।
120 रुपये में रुद्राक्ष ब्रेसलेट
सावन के मद्देनजर ई-कामर्स कंपनियों ने भी श्रद्धालुओं के लिए कई रेंज की पोशाक उतार रखी है। कंपनियां तरह-तरह के छूट देकर खरीदारों को आकर्षित कर रहीं हैं। ऑनलाइन बिक्री की बात करें तो रुद्राक्ष वाला ब्रेसलेट 120 रुपये तो रुद्राक्ष की माला 200 से 300 रुपये में बिक रही है। 1000 से अधिक की खरीद पर डाक खर्च में छूट इत्यादि भी दिया जा रहा है।