महराजगंज। स्थायी लोक अदालत ने बीमा भुगतान के एक मामले में याची को राहत दिलाते हुए दो लाख रुपये की अवार्ड राशि का चेक सौंपा। मंगलवार को अदालत के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने याची जगन्नाथ पटेल को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इसके साथ ही बीमा भुगतान को लेकर चल रहे मामले का निस्तारण हो गया।
विज्ञापन
स्थायी लोक अदालत के समक्ष जगन्नाथ पटेल बनाम एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड व अन्य विचाराधीन था। मामले में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता होने के बाद 12 सितंबर को आदेश पारित किया गया था। इसके अनुपालन में बीमा कंपनी ने दो लाख रुपये की अवार्ड राशि स्थायी लोक अदालत में जमा कर दी। इसके बाद मंगलवार को अध्यक्ष राकेश मालवीय ने याची जगन्नाथ पटेल को भुगतान के लिए दो लाख रुपये का चेक सौंपा।
इस दौरान स्थायी लोक अदालत की सदस्य गुंजा राय और प्रियंका तिवारी, याची के अधिवक्ता सुभाष पासवान तथा स्थायी लोक अदालत में कार्यरत अधिकार मित्र शत्रुघ्न और प्रमोद उपस्थित रहे।