कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम एकसड़वा में गुरुवार की सुबह गैस सिलिंडर की कथित कालाबाजारी को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला एकसड़वा-मोगलहा मार्ग पर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अधिवक्ता को शांत कराया।
अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनके घर में गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें जानकारी दी कि रईस नामक व्यक्ति सिलिंडर बेचता है। इसके बाद वह संबंधित दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। अधिवक्ता का यह भी आरोप है कि रईस गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करता है।
मामले की सूचना मिलने पर नौतनवां सप्लाई इंस्पेक्टर हर्षवर्धन मौके पर पहुंचे और संबंधित दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान चार गैस सिलिंडर बरामद किए गए। अधिकारियों की ओर से सिलेंडरों के संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है। गैस सिलिंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद करीब चार घंटे तक चर्चा का विषय बना रहा। मौके पर कोल्हुई थाने की पुलिस भी मौजूद रही।
इस बाबत सप्लाई इंस्पेक्टर हर्षवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित दुकान पर छापेमारी की गई है। मौके से चार सिलिंडर बरामद हुए जिसको जब्त करके एक एजेंसी को सौंप दिया गया है। दुकानदार को नोटिस जारी की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।