परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। उसका शव घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला।
मृतका की पहचान लालती (36) पत्नी चंदन निवासी पुरैना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद महिला घर में फंदे से लटकती मिली। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पजिरन के मुताबिक, लालती की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।