राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से पथ संचलन व हिन्दू नव वर्ष जन्म दिवस के रूप में मनाया गया।
अंबेडकर पार्क में स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए प्रांत कार्यवाह डॉ. भगत सिंह ने कहा कि आरएसएस पूरे वर्ष में छह उत्सव बडे़ ही धूमधाम से मनाता है। उसी उत्सव में से एक उत्सव यह भी है।
उन्होंने बताया की आज ही के दिन आरएसएस के संस्थापक डाक्टर केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म दिवस भी है। इसके अलावा सृष्टि की रचना भी आज ही के दिन हुई थी। भारत हिंदू संस्कृति व परम्परा का देश है इसलिए परंपराओं व संस्कृति को जिंदा रखने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जब जब हिन्दू घटा है तब तब देश बंटा है। कार्यक्रम की शुरुआत फरेन्दा रोड स्थित शंकर वाटिका से तीन सौ स्वयं सेवकों ने पूर्ण गणवेष में पथ संचलन निकालकर की। पथ संचलन के दौरान सिसवा सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों द्वारा घोष बजाया गया।
जिला प्रचारक तारकेश्वर ने बताया की पथ संचलन शंकर वाटिका से होते हुए नगर के सक्सेना चौराहा, अमरूतिया, हनुमानगढी, जयप्रकाश नगर, बसस्टेशन, मऊपाकड़ दुर्गा मंदिर होते हुए अंबेडकर पार्क में पंहुचा। वहां पथ संचलन एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गया।
पथ संचलन का संचालन नगर कार्यवाह केदार नाथ गुप्ता, राजेश मद्वेशिया, रामदुुलारे त्रिपाठी व राजकुमार के नेतृत्व में हुआ। पूरा नगर केसरिया ध्वज से पाट दिया गया था। जगह जगह तोरण द्वार भी बनवाये गये थे। इस दौरान विभाग संघचालक सत्यदेव लाल श्रीवास्तव, जनार्दन प्रसाद गुप्ता, नंदलाल अंबेडकर, श्याम कुमार, कृष्णा गुप्ता, धर्मेन्द्र कुमार गुप्ता, कृष्णगोपाल जायसवाल, जयमंगल कन्नौजिया, नीरज कश्यप, गणेश प्रसाद, मेवा लाल, आशुतोष कुमार, प्रदीप कुमार, अंगद कुमार सहित तमाम स्वयं सेवक मौजूद रहे।