संकेतांक व सफेद पट्टी के अभाव में अक्सर हो रहीं दुर्घटनाएं, सड़क किनारे बिखरी गिट्टियां बनीं वजह
फरेंदा। मौसम के असर से जिले में घना कोहरा पड़ने लगा है, जिसके कारण सुबह और शाम दृश्यता घट जाने से सफर खतरनाक हो गया है। निर्माणाधीन गोरखपुर–सोनौली हाईवे पर भी जगह-जगह किए गए डायवर्जन के बावजूद पर्याप्त संकेतांक, रिफ्लेक्टर और सफेद पट्टी नहीं होने के कारण हो रहे हादसों में आए दिन लोग घायल हो रहे हैं
निर्माणाधीन मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क के किनारे गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। कोहरे में इनकी पहचान मुश्किल हो जाती है, जिससे वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं। सफेद पट्टी और रोड मार्किंग के अभाव में सड़क की सीमा स्पष्ट नहीं हो पाती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। बीते दिनों कोहरे के कारण ही बस और कार की टक्कर में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।
गोरखपुर–सोनौली राजमार्ग पर वर्षों से चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान कई स्थानों पर रास्ते बंद कर डायवर्जन बनाए गए हैं। स्थानीय लोग मार्ग से परिचित होने के कारण सतर्क रहते हैं, लेकिन नए वाहन चालक बार-बार हादसों का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र के निवासी अंकुर मणि ने बताया कि फरेंदा के महदेवा गांव के सामने बने ओवरब्रिज के किनारे सर्विस सड़क अब तक अधूरी है, जिससे आए दिन राहगीर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं भैया फरेंदा के पास ओवरब्रिज निर्माण के चलते अंडरपास को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। घने कोहरे में संकेतांक और सुरक्षा उपकरणों का होना अत्यंत आवश्यक है लेकिन मौके पर इनका अभाव साफ दिखता है।
निर्माणाधीन हाईवे पर जगह-जगह पुल निर्माण, मिट्टी का पटान और खुदाई की गई है, परंतु चेतावनी बोर्ड और सांकेतिक चिह्न नहीं लगाए गए हैं। चौड़ीकरण कार्य के दौरान कार्यदायी संस्था की लापरवाही भी सामने आ रही है। यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में हादसों की संख्या और बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
बीते दिनों में हाईवे पर हुई घटनाएं
11 दिसबंर : गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर बाबू पैसिया गांव के पास बस व कार की टक्कर में चार लोग घायल हो गए थे। हादसे में गर्भवती महिला साबिया की मौत हो गई थी। वहीं उसके पति व देवर का इलाज चल रहा है।
9 दिसबंर : गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर स्थित धानी ढाले के समीप दो बाइक की आपस में टक्कर होने से विद्युतकर्मी रोहित (24) निवासी आनंदनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी बनकटी भिजवाया गया।