गोरखपुर। ताल नदोर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए शासन ने 96 करोड़ 45 लाख 25 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। सड़क निर्माण का उद्देश्य स्टेडियम तक आने-जाने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ताल नदोर क्षेत्र में बनाया जा रहा है और इसे प्रदेश के महत्वपूर्ण खेल केंद्रों में से एक के रूप में विकसित करने की योजना है। स्टेडियम के तैयार होने के बाद यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे, जिससे गोरखपुर की पहचान खेल जगत में और मजबूत होगी।
परियोजना के तहत गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-24) से सीधे स्टेडियम तक 2.665 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड दो को यह जिम्मेदारी मिली है। नई सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और आसपास के इलाकों के विकास को भी गति मिलेगी। इसके अलावा स्टेडियम में होने वाले बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन और आवागमन में काफी सुविधा होगी।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस परियोजना को पूरा कराने की जिम्मेदारी निभाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
इस स्टेडियम का निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। स्टेडियम का मुख्य परिसर 45 एकड़ में विकसित किया जाएगा, जबकि पांच एकड़ में अन्य सहायक सुविधाएं तैयार की जाएंगी। यह स्थल एयरपोर्ट से 23.6 किलोमीटर, राप्तीनगर बस अड्डे से 22 किलोमीटर और गोरखपुर रेलवे जंक्शन से 20.8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।