लक्ष्मीपुर। नौतनवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत एकसडवा में शुक्रवार को जंगल से भटक कर आए एक सांभर हिरन को वन विभाग की तत्परता से बचा लिया गया। वन विभाग ने रेस्क्यू कर सांभर को सुरक्षित वन में छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हिरन जंगल से निकलकर गांव की ओर आ गया था, जहां कुछ आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से हिरन घायल हो गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कुत्तों से हिरन को सुरक्षित छुड़ाया।
इसके बाद घायल सांभर हिरन को वन कर्मी इलाज के लिए पशु चिकित्सालय ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के बाद हिरन की हालत में सुधार होने पर वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। इस दौरान वनकर्मियों ने पूरी सावधानी बरती, ताकि हिरन को किसी प्रकार का दोबारा नुकसान न हो।
इस संबंध में रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि घायल सांभर हिरन का समय रहते इलाज करा दिया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।