परतावल। कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत में कार सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी परतावल भिजवाया गया।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के गोरखपुर महराजगंज मुख्य मार्ग पर अमवा के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे निचलौल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक झिंगनहवा निवासी राजू सैनी (32) अपने परिजनों के साथ गोरखपुर से इलाज कराकर कार से लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक मोड़ लेने पर पीछे से आ रही कार उससे जा टकरा गई। हादसे में कार सवार रामकृपाल चौहान (55) और उसी वार्ड के निवासी पूर्णवासी सैनी (60) घायल हो गए, जबकि अन्य लोग सुरक्षित बताए गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को घर भेज दिया गया। उप निरीक्षक अंकित चौरसिया ने बताया कि घायलों का सीएचसी परतावल में इलाज कराया गया है।