महराजगंज। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों से पनीर के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले फरेंदा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। इसी क्रम में फरेंदा रोड पर एसबीआई के निकट स्थित एक स्वीट एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां से भी पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
इसके बाद टीम ने कॉलेज रोड स्थित एक स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां से पनीर का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।
प्रभारी सहायक आयुक्त खाद्य-दो केके उपाध्याय ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।