पुलिस टीम व लोगों की सतर्कता से पाया गया काबू
महराजगंज। घुघली में सुभाष चौक पर सोमवार रात 9 बजे खेत में लगी आग की लपटें पास स्थित मैरिज हॉल तक जा पहुंची। इससे वहां चल रहे एक मांगलिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पाया जा सका।
जनपद के उपनगर घुघली में सुभाष चौक के निकट सिसवां-कप्तानगंज मार्ग पर स्थित एक मैरिज हॉल में कस्बे के कारोबारी नेवास गुप्ता के बेटी की शादी का कार्यक्रम था। मैरिज हॉल में शाम से ही नगर के लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। रात 9 बजे के आसपास बरात के अगवानी की तैयारी थी। इसी बीच बगल के गेहूं डंठल खेत में लगी आग की लपटें मैरिज हॉल तक पहुंचने लगीं। आग की लपटें देख मैरिज हॉल में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना चौकी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। 9:20 बजे पहुंचे पहुंचे चौकी इंचार्ज घुघली शिवम राय ने सबसे पहले मैरिज हॉल के लोगों को शांत करा भीतर भेजा और वाटर सप्लाई को पाइपलाइन की मदद से आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू कराई। लगभग पौने दस बजे लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। आग बुझने के बाद बरात की अगवानी हुई।