महराजगंज। रिमझिम फुहारों के बीच शुक्रवार को तीन दिन चलने वाले महोत्सव का आगाज हुआ। मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्कूली बच्चों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव परिसर में एक तरफ विभागीय योजनाओं को जानने व आवेदन करने की सुविधा मिली वहीं दूसरी तरफ विभिन्न जनपदों से आए उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टाॅल लगाकर जिला वासियों को आकर्षित किया। फूड कोर्ट में भी फास्ट फूड व श्री अन्न से बने उत्पादों ने स्वाद का लुत्फ देने का कार्य किया।
महराजगंज महोत्सव की शुरूआत खराब मौसम के बीच हुई। महोत्सव मंच तक आने-जाने वाले मार्ग पर कीचड़ हुआ क्योंकि वाहन मंच स्थल तक पहुंच रहे थे। कीचड़ के कारण दोपहर 12 बजे तक स्थित ऐसी रही कि महोत्सव देखने आए लोग भीतर दाखिल होने की जगह वापस निकलते दिखे। इसका संज्ञान डीएम संतोष शर्मा ने लिया तो एडीएम डाॅ. प्रशांत, नगर पालिका ईओ आलोक कुमार मिश्रा, सदर एसडीएम, डीडीओ, तहसीलदार ने व्यवस्था संभाली। पहले कीचड़युक्त रास्ते पर बालू की पटाई कराई, लेकिन कीचड़ से निजात न मिलता देख ईंट भट्ठों से ईंट मंगाकर पूरा परिसर ईंट लगवाकर एक तरह से कीचड़ का समाप्त कराया। इसमें नगरपालिका के सफाई कर्मियों की मेहनत से दोपहर 2 बजे के बाद पूरा परिसर स्टाल, झूला, फूड कोर्ट, शिल्पग्राम लगाने के योग्य हो सका।
-
सुबह से महोत्सव, शाम सात बजे औपचारिक शुभारंभ
- महोत्सव का आगाज जहां सुबह ही हो गया था वही औपचारिक शुरुआत अव्यवस्था भरा माहौल मौसम की खराबी के चलते उत्पन्न होने से शाम सात बजे कराया गया। महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मंच पर दीप प्रज्वलित करते हुए किया। उन्होंने जनपद वासियों को स्थापना दिवस की बधाई देकर कहा कि महराजगंज ने पिछले 36 वर्षों में जो तरक्की की है वह पूरे प्रदेश के लिए नजीर है। उनके साथ नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, डाॅ. बलराम भट्ट, डीएम संतोष कुमार शर्मा, एसपी सोमेंद्र मीणा मौजूद रहे।
केंद्रीय स्कूल से शुरू हुई मंच की प्रस्तुति-
सुबह 10 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम केंद्रीय स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। जीएसवीएस ने भक्ति गीत राम आएंगे से मंच को भक्ति रस में डुबाया।
शांति बाल विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने हरियाणवी व राजस्थानी समूह नृत्य प्रस्तुत कर लोक कलाओं को जीवंतता दिखाई। पूमावि भावचक की बालिकाओं ने कत्थक प्रस्तुत कर शास्त्रीय संगीत की महत्वता दिखाई। शांभवी मिश्रा ने दुर्गा स्तुति प्रस्तुत कर आदिशक्ति आराधनाव महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति तो पीएम श्री बरवा राजा ने आरंभ है प्रचंड की प्रस्तुत कर वीर रस से भिगोया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज ने गढ़वाली व कुमाऊँ लोकनृत्य प्रस्तुत किया। जीडी पब्लिक के प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया एकांकी के सहारे युवाओं में बढ़ते इंटरनेट दीवानगी के दुष्प्रभाव को बताकर बचने की व्यवस्था पर प्रकाश डाला तो इसके बाद मंच जीएसवीस ने घर मोरे परदेशिया व ऐगिरीनंदिनी शक्ति उपासना को धार लिया। दिग्विजय नाथ इंटर कालेज चौक ने बिटिया पढ़ाओ पर केंद्रित कार्यक्रम प्रस्तुत किया तो ओ री चिरैया पर सामूहिक नृत्य राजकीय बालिका इंटर कालेज धनेवा की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। दीनदयाल उपाध्याय इंटर काॅलेज की सीनियर छात्राओं ने विजयी भव: स्त्रोत, कास्मोपोलिटन ने राम सिया राम भक्ति भाव से ओतप्रोत कर कार्यक्रम का समापन किया। इनके साथ कुल 29 स्कूलों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
-
शिल्पग्राम व फूड कोर्ट का दिखा आकर्षण
- महोत्सव के मंच से लगभग 300 मीटर पहले शिल्पग्राम में स्थानीय ओडीओपी से लेकर कुल 50 से अधिक उत्पादों के स्टाल ने खास आकर्षण पैदा करने का कार्य किया। कुशीनगर केला रेशे के उत्पाद, कन्नौज के इत्र के साथ सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल की सुगंध बिखरी। सीतापुर दरी, प्रतापगढ़ आंवला उत्पाद, भदोही ऊन कालीन, मिर्जापुर कार्पेट, फिरोजाबाद ग्लास वेयर, वाराणसी जरी, लखनऊ चिकनकारी, बाराबंकी जरी एंड गुड्स, सहारनपुर वुड कार्निंग, आजमगढ़ रेशमी साड़ी, गोरखपुर टेराकोटा, देवरिया सजावटी उत्पाद, बस्ती जरी एंड जरी, आगरा लेदर उत्पाद, गाजीपुर जूट उत्पाद, बरेली जरी जरदोजी, शाहजहांपुर जरी जरदोजी, आर्टीफिशियल ज्वेलरी, मुरादाबाद पीतल उत्पाद, कानपुर लेदर उत्पाद के स्टाल खास आकर्षण पैदा कर रहे। इसके अलावा फूड कोर्ट में दिन में श्रीअन्न से बने उत्पाद तो शाम को पानी पूरी, चाट, चाउमिन, मोमो सहित अन्य का जायका लोगों को खूब भाया।
महोत्सव से मजबूत हुई आधी आबादी की जागरूकता-
जनपद स्थापना दिवस का महोत्सव मंच मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत आधी आबादी को मजबूत करने का कार्य कर रहा। पहले दिन दोपहर 2 बजे के बाद लगभग एक घंटे का समय मिशन शक्ति के तहत जागरूकता के लिए मिला जिसमें महिला अधिकार, टोल फ्री नंबर, विभिन्न विभागों की तरफ से महिलाओं को दी जा रही वरीयता के बारे में जानकारी दी गई।
जीएसवीएस में राकेट प्रक्षेपण सहित विज्ञान आधारित कार्यक्रम
- जीएसवीएस में राकेट लांचिंग पैड पर प्रक्षेपण शुभारंभ डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने तो गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के सभागार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र की ओर से प्रायोजित एवं जिला विज्ञान क्लब की ओर से किन आदिवासी ग्रामीण विज्ञान मेला और प्रदर्शनी जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। 45 विद्यालय 150 बच्चों ने अपने मॉडल विकसित किए हैं और इस पूरे विज्ञान प्रदर्शनी में 849 बच्चे और बच्चियों ने भाग लेकर विज्ञान के प्रति ललक दिखाई। डीएम ने कहा यहां के बच्चों ने विज्ञान के माडल के सहारे राज्यपाल तक पहुंच कर पुरस्कृत हुए। विज्ञान के उपयोगी मॉडल इस बार पेटेंट भी कराए जाएंगे। गाजियाबाद की विज्ञान संचारिका रोहिणी गोले नागर ने पानी से दीपक जलाना, आग खाना, जीभ से त्रिशूल निकलना, हवन कुंड में बिना माचिस के आग लगाना और नारियल से आग लगाना जैसे अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। निदीनदयाल इंटर कॉलेज के वीरू यादव का मॉडल आर्मी फायर हैंड फ्लेम,आरपीएससी इंटर कॉलेज सिसवा के धनंजय सिंह के मॉडल रियुजुअल मिनी रॉकेट,आर के इंटर कॉलेज परतावल के सरफराज के मॉडल प्लाज्मा कैनन,सेंट जोसेफ स्कूल महाराजगंज के समीम के मॉडल ए हैंड और आई किचन असिस्टेंट, जीएसबीएस इंटर कॉलेज महाराजगंज के कारण एवं सतीश, के मॉडल प्रकाश संश्लेषण, हाजी अजहर इंटर कॉलेज के सुधाकर के मॉडल सेफ्टी रोड का माडल खूब सराहा गया।