किसानों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
महराजगंज। केंद्र सरकार की ओर से तीन नए कृषि कानूनों को लागू करने और विरोध के छह माह पूरे होने पर भारतीय किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता ने किसानों के साथ निचलौल स्थित आवास पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
शहर में बस स्टेशन, सक्सेना चौक, बस स्टेशन, कलेक्ट्रेट मोड़, फरेंदा रेलवे स्टेशन, सिसवा रेलवे स्टेशन, घुघली रेलवे स्टेशन समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में अपने आवास पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट करते हुए राजू गुप्ता ने कहा कि नए कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए उत्तर प्रदेश समेत देश के कोने-कोने से दिल्ली बॉर्डर पर 26 नवंबर से किसान आंदोलन कर रहे हैं। आज छह महीने पूरे हो गए और कई किसान शहीद हो गए। कोरोना महामारी में हजारों किसान जान की परवाह किए बिना आंदोलन जारी रखे हुए हैं। उनके समर्थन में कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, सिसवा ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कनौजिया, निचलौल नगर अध्यक्ष छोटू अंसारी, संदीप मौर्य, चंद्रजीत आदि मौजूद रहे।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में पूर्व विधायक विनोद तिवारी ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर किसानों के समर्थन में काला दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि किसान हित के लिए नए कृषि कानून को वापस लेना जरूरी है। इस दौरान पूर्व चेयरमैन जय प्रकाश लाल, राम नरायन चौरसिया, देवेंद्र पांडेय, पंकज जायसवाल, प्रभाकर उपाध्याय, धीरज मिश्र आदि मौजूद रहे।