महराजगंज। जिला न्यायालय और जिला प्रशासन के समन्वय से एक नवंबर को जिला उद्योग चौराहा स्थित एक मैरेज लॉन में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज अरविंद मलिक ने बताया कि शिविर का उद्देश्य गरीब, वंचित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा न्याय तक उनकी पहुंच आसान बनाना है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शिविर की तैयारियां की जा रही हैं।
शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद एवं बैंकिंग विभाग की सहभागिता अपेक्षित है। यहां वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, क्षतिपूर्ति योजना, आयुष्मान भारत योजना, मनरेगा जॉब कार्ड और भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। जन्म-मृत्यु पंजीकरण सहित अन्य सेवाओं की जानकारी भी मिलेगी।
इसके अलावा लोगों को निशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत, मध्यस्थता और अन्य कानूनी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्राधिकरण ने नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज के साथ एक नवंबर को शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।