परतावल। बिजली बिल बकाया वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को भिटौली बिजली उपकेंद्र के सिसवा मुंशी फीडर क्षेत्र में विशेष जांच एवं वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले 25 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। वहीं बकाया जमा कराने के लिए चलाए गए अभियान में विभिन्न उपभोक्ताओं से कुल 2 लाख 46 हजार रुपये का बिल भी जमा कराया गया।
अवर अभियंता अनिकेत पाल के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर बिजली बिल की जांच की। जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बकाया था और पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद उन्होंने बिल जमा नहीं किया था, उनके बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए। निगम के जिम्मेदारों ने कहा कि बकाया जमा करने के बाद ही दोबारा कनेक्शन जोड़ा जाएगा।
अवर अभियंता अनिकेत पाल ने बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने और बिजली चोरी व बकाएदारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, वे जल्द से जल्द अपना बिल जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी नियमानुसार कनेक्शन विच्छेदन समेत अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल का भुगतान करने की अपील भी की।