नौतनवा। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के जंगल से भटककर आए एक हिरन को कुत्तों ने नोचकर मार डाला। गांव सुकरौली उर्फ सूर्यपुरा में मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने मृत हिरन देखकर शोर मचाया।
उसके बाद भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र मद्धेशिया ने अड्डा चौकी पुलिस और वन कर्मियों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मी हिरन का शव टेढ़ी घाट वन चौकी पर ले गए, जहां उसे दफना दिया गया। ग्रामीणों ने बताया गया कि जंगल से भटककर आये हिरन को देर रात कुत्ते दौड़ा रहे थे। कुत्तों के काटने से ही वह घायल हो गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे वन रक्षक शिवशंकर उपाध्याय शव को टेढ़ीघाट वन चौकी पर ले गए। उत्तरी चौक रेंजर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुत्तों के काटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। संवादत