महाराजगंज। जनपद को विभिन्न विकास और निर्माण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सीएम डैशबोर्ड द्वारा जारी रैंकिंग में पूरे प्रदेश में सातवां और मंडल में पहला स्थान मिला है।
मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार जनपद के विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रतिदिन समीक्षा की जाती थी। जिन योजनाओं में जनपद को श्रेणी ‘ए’ से नीचे की ग्रेडिंग प्राप्त हुई थी। उनकी विशेष समीक्षा करते हुए जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई भी की गई। इसमें विभिन्न विभागों हेतु नोडल अधिकारी नामित करते हुए उनके द्वारा भी लगातार समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती रही। सबके समग्र प्रयासों का परिणाम है कि जनपद ने कई अग्रणी जिलों को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में सातवां और मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड की ओर से जारी सूची में सराहनीय प्रदर्शन के लिए मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उस रैंकिंग से संतुष्ट होने की बजाय और बेहतर करने का प्रयास करेगा।