मौसम में उतार-चढ़ाव से बढ़ने लगी बीमारी
महराजगंज। मौमस में उतार-चढ़ाव की वजह से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। सरकारी एवं निजी अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की भरमार है। अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ से डॉक्टरों को इलाज करने में परेशानी हो रही है।
जिला अस्पताल की आंशिक ओपीडी में सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित कम-कम 50 मरीज रोज आ रहे हैं। फिजिशियन डॉ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे ज्यादा बुखार और सर्दी से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उधर, बनकटी सीएचसी में प्रत्येक दिन सौ मरीज आ रहे हैं। डॉ एके पांडेय, डॉ एसपी वर्मा ने बताया कि इस दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सुमन, रामसभा, मगरु, अमृत, दिवाकर, रोहित, पिंटू ने बताया कि बुखार होने पर गांव में दवा लिया, लेकिन ठीक नहीं हुआ तो अस्पताल आना पड़ा। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल फीवर के मरीज बढ़े हैं। लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत हैं।
निचलौल सीएचसी में करीब 45 फीसद मरीज वायरल से पीड़ित आ रहे हैं। ऐसी स्थिति में डॉक्टर लोगों को धूप में बाहर न निकलने की सलाह भी दे रहे हैं। साथ ही खानपान में सावधानी बरतने व बाहरी चीजों के सेवन से बचने की बात भी कही हे। अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को 215, मंगलवार को 245, बुधवार को 265, बृहस्पतिवार को 285 तथा शुक्रवार को 305 मरीज अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार प्रतिदिन करीब 45 फीसदी बुखार, सर्दी, खांसी के मरीज आ रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल बुखार तेजी फैल रहा है।
ऐसे होगी वायरल फीवर से बचाव
डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि खांसते एवं छींकते वक्त रुमाल से मुंह और नाक को ढक लें। सफाई और हाथ धोने का खास ख्याल रखें। खाने से पहले हाथ से साबुन से अच्छी तरह धोएं। रात को सोने से पहले हल्दी वाले दूध का सेवन करें। गर्म पानी से गरारा करें। बाहर का खाना खाने में परहेज करें। सब्जियों को पकाने से पहले नमक के गर्म पानी से धोएं।