महराजगंज। परिवहन विभाग अब जहां वाहनों का चालान करेगा वहीं जुर्माना भी भरा जा सकेगा। इसके लिए राज्य परिवहन विभाग की ओर से दो पीओएस मशीन उपलब्ध कराई गई है। दो मशीन पहले भी जिले को मिली थी। इसके जरिए ऑफिशियल जुर्माना भरने की कवायद पूरी कराई जा रही थी।
परिवहन विभाग मई से पीओएस मशीन से चालान भरने की प्रक्रिया आफिस के साथ बाहर भी शुरू करेगा। इसके लिए विभागीय अफसरों ने कवायद शुरू कर दी है। बार कोड से भी चालान की राशि जाम की जा सकेगी। इससे चालान वसूलने के साथ ही भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।
संभागीय परिवहन विभाग में अभी जुर्माना भरने के लिए मैनुअल व्यवस्था चल रही थी। अगर किसी वाहन चालक का चालान होता है तो उसे नकद भुगतान कर सकेंगे। अब जुर्माना जमा करने के लिए वाहन मालिकों को कार्यालय या ऑनलाइन जमा करने के लिए जनसुविधा केंद्रों पर नहीं जाना पड़ेगा।
पीओएस मशीनों के जरिये चालान कटने वाली जगह पर भी जुर्माना राशि जमा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही हर चालान की नियमित जानकारी रियल टाइम विभाग को अपडेट मिलती रहेगी।
पीओएस मशीन से बनाए गए चालान पर वाहन चालक को डेबिट, क्रेडिट कार्ड से जुर्माना जमा कराने की सुविधा मिलेगी। इसे यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआइ) से भी कनेक्ट किया जा रहा है।
-आरडी प्रसाद वर्मा, संभागीय निरीक्षक, परिवहन