महराजगंज। करीब 31 साल पुराने मारपीट, गाली-गलौज और जानमाल की धमकी देने के मामले में फरेंदा न्यायालय ने तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। अदालत ने तीनों को एक-एक दिन की न्यायिक अभिरक्षा की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक पर 700 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
विज्ञापन
मामला फरेंदा थाना क्षेत्र के परसाखाड़ गांव का है। 20 जुलाई 1995 को स्वामीनाथ पुत्र कन्हई, कमलेश पुत्र बैजनाथ और कोइल पुत्र बैजनाथ पर गाली-गलौज करने, मारपीट और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगा था। मामले में दुर्गावती देवी ने 29 जुलाई 1995 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद 1995 में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। लंबे समय से विचाराधीन इस मामले में सोमवार को अदालत ने फैसला सुनाते हुए तीनों को दोषी ठहराया। न्यायालय ने प्रत्येक को एक दिन की न्यायिक अभिरक्षा और 700 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड जमा नहीं करने पर 40-40 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।