चिउटहां। निचलौल क्षेत्र के ग्राम पंचायत भेड़िया स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हनुमान जी की प्रतिमा की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान कर प्रतिमा को मंदिर में स्थापित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार और गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।
तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के तहत रविवार को कलशयात्रा के साथ पूजन समारोह का शुभारंभ हुआ था। सोमवार को प्रतिमा स्थापना से पूर्व डोल भ्रमण कराया गया। इस दौरान हनुमान जी की प्रतिमा को ग्राम देवता काली माई, कोटही माई, ब्रह्मस्थान सहित गांव के सभी देवी-देवताओं के स्थानों पर ले जाकर परिक्रमा कराई गई। ग्रामीणों ने धर्म की जय हो और बजरंगबली के जयकारे लगाए।
मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। धार्मिक अनुष्ठान के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में गजेंद्र पटेल, जवाहिर प्रजापति, किशोर पटेल, राहुल, विपिन कुमार, अजय पटेल, सुरेंद्र पटेल, इंद्रासन चौधरी, शिवप्रसाद, परविंदर पटेल और शेषनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। महिलाओं में गायत्री देवी, कौशल्या देवी और विनीता सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।